संवाददाता/ओमप्रकाश तिवारी
कैमूर:बिहार सरकार की अभ्यास ब्रिगेड योजना के तहत कैमूर जिले के नुआंव प्रखंड स्थित जयसवाल हाई स्कूल में पुलिस, प्रशासन और छात्रों के बीच एक जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करना था।
कार्यक्रम का आयोजन कैमूर पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर नुआंव थाना प्रभारी शांतनु कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा कानून, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, पुलिस डायल 112 और साइबर अपराध से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को स्कूल आते-जाते समय सतर्क रहने, अनजान व्यक्तियों से दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की सलाह दी। इसके साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा के आसान और उपयोगी तरीके भी बताए गए, ताकि वे आपात स्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकें।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपनी व्यक्तिगत व शैक्षणिक समस्याएं सामने रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित और जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।





