संवाददाता/ओमप्रकाश तिवारी
कैमूर:भभुआ अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अनुमंडल अंतर्गत सभी गोदाम प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। एसडीओ कार्यालय में आयोजित इस बैठक में पीडीएस से जुड़े राशन उठाव, भंडारण और वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एसडीओ ने सभी गोदाम प्रबंधकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन का उठाव हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीडीएस व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों के विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि भभुआ अनुमंडल के कुछ प्रखंडों में समय पर राशन उठाव नहीं होने के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसडीओ अमित कुमार ने नियमित रूप से राशन उठाव करने, लाभुकों के लिए खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना समय रहते कार्यालय को देने का निर्देश दिया।
बैठक में अनुशासनहीनता को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। बिना सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहने पर चैनपुर के एजीएम दिनेश कुमार पासवान और चांद के एजीएम पौरूष सिंह का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। साथ ही दोनों अधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। एसडीओ ने कहा कि बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
इसके अलावा एसडीओ ने सभी गोदाम प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे राशन उठाव, भंडारण और वितरण से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से एसडीओ कार्यालय को उपलब्ध कराएं। उन्होंने गोदामों में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन द्वारा उठाए गए इन सख्त कदमों से पीडीएस व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे न केवल लाभुकों को समय पर सरकारी राशन उपलब्ध हो सकेगा, बल्कि जन वितरण प्रणाली पर आम लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।





