कभी किसी बुजुर्ग के काम आ जाया करो, मंदिर मस्जिद तो जाते हैं सभी, मिले मौका तो वृद्धाश्रम आ जाया करो…का दिया संदेश
Report : अमित कुमार (प्रभारी झारखंड)
कोडरमा:- हेमा मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट के द्वारा मंगलवार को झुमरी तिलैया स्थित वृद्धा आश्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्मल कुमार ओझा की पत्नी स्वर्गीय हेमा ओझा के जन्मोत्सव के अवसर पर वृद्धों को भोजन कराया गया साथ ही वृद्धा आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के हाथों केक काट कर एक खुशी महसूस की गई। ट्रस्ट के सचिव नवनीत ओझा बंटी और कोषाध्यक्ष प्रियंका ओझा ने कहा बड़ी सस्ती मिला करती है दुआएँ इनकी कभी किसी बुजुर्ग के काम आ जाया करो।
मंदिर मस्जिद तो जाते हैं सभी, मिले मौका तो वृद्धाश्रम आ जाया करो। वहीं उम्र के आखिरी पड़ाव में बेटा-बेटी एवं परिजनों के द्वारा बेघर कर दिए जाने के बाद बुजुर्गों के लिए असहनीय पीड़ा है। अपनो के होते हुए भी अपनों से दूर रहकर अपनी जिंदगी बस काट रहें हैं। इनकी पीड़ा को समझने का मौका मिला। नवनीत ने कहा कि मेरी मां अपने जीवन काल में दूसरों के सेवा के लिए हमेशा तत्पर्य रही।
यही वजह है कि उनके जन्मोत्सव के अवसर पर बुजुर्गों की सेवा कर जो आत्म सुख मिला उसे बयान नहीं किया जा सकता है। इस दौरान नव्या निर्मल, नव निर्मल और नायशा निर्मल ने अपने हाथों से बुजुर्गो को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा कि हम सब को अपने माता पिता और बुजुगों की सेवा करना चाहिए। और ऐसे अवस्था में जब उन्हें हमारी जरूरत हो और हम उन्हें छोड़ दे ये महापाप के बराबर है।
प्रियंका ओझा ने कहा हेमा मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट के द्वारा चल रहे हॉली चाइल्ड स्कूल में कई ऐसे गरीब बच्चे हैं जिन्हें निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। और भविष्य में इस ट्रस्ट के द्वारा असहाय, गरीब बच्चे और पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मौके पर ट्रस्ट के आफताब आलम, डॉ मेघा, निशीथ ओझा, अरविंद यादव, मीणा यादव, सावित्री सेन, धर्मशिला देवी, अमित कुंदू, तापश कुंदू समेत अन्य लोग मौजूद थे।






