शिविर में आए 377 आवेदनों में 339 आवेदनों का किया गया निष्पादन
बिकाश चकाई जमुई:- चकाई प्रखंड में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रखंड प्रशासन लगातार गांव गांव में पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने में जुटी है।इसको लेकर लगातार प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण इलाकों में किया जा रहा है।इसी क्रम में मंगलवार को घुटवे पंचायत के नोनियातरी स्थित पंचायत भवन में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बीडीओ कृष्ण कुमार सिंह मुखिया गीता देवी एवं पदाधिकारियों द्वारा दीप जलाकर किया गया।

इस मौके पर बीडीओ कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के उद्देश्य के साथ शिविर का आयोजन कर लोगों की विभिन्न समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा रहा है।उन्होंने शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधि से आग्रह किया कि वह सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव तक पहुंचाएं,लोग कैसे लाभ लें इसके बारे में बताएं। प्रशासन की कोशिश है कि लाभ अंतिम पायदान पर रहने वाले लोगों तक पहुंचाया जाए।
जनता और प्रशासन की दूरी को कम किया जाए।उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 377 आवेदन आए।जिसमें 339 मामलों का मौके पर निष्पादन किया गया। सबसे अधिक 260 मामले पशुपालन विभाग से संबंधित थे।जबकि आवास योजना के 25,सामाजिक सुरक्षा के 13,स्वास्थ्य विभाग के 21, स्वच्छता विभाग के 15, आपूर्ति विभाग के 08,राजस्व विभाग के 03 , सांख्यिकी विभाग के 04, श्रम विभाग के 20,कृषि विभाग से संबंधित 08 मामले थे। आपूर्ति विभाग,सांख्यिकी विभाग ,आवास योजना एवं राजस्व विभाग का एक मामला निष्पादन की प्रक्रिया में है।जिसका जल्द ही निष्पादन कर दिया जाएगा।
शिविर में पदाधिकारियों द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजना की जानकारी देते हुए उसका लाभ लेने के तरीके को बताया। कार्यक्रम में कल्याण विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग, मनरेगा, सांख्यिकी विभाग, राजस्व विभाग, स्वच्छता विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य विभाग, श्रम संसाधन विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, जीविका सहित सभी विभागों के स्टाल लगाए गए थे।मौके पर सीओ राजकिशोर साह,कृषि पदाधिकारी शिवशंकर चौधरी, श्रम पदाधिकारी टुनटुन कुमार, परमानंद दास सभी विभागों के पदाधिकारी व कर्मी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।






