Report: संजय कुमार तिवारी
सासाराम (रोहतास) गुरुवार से सिविल कोर्ट कर्मियों के सामूहिक अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल को लेकर सिविल कोर्ट का कार्य ठप्प हो गया। जिले के विभिन्न एवं सुदूर क्षेत्रों से मुकदमों में पैरवी करने पहुंचे फरियादी भी हड़ताल के चलते बैरंग होकर अपने-अपने घर को लौट गए। हड़ताल से सबसे ज्यादा प्रभावित अधिवक्ता वर्ग हो रहे हैं जिन्हें कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है। वहीं विभिन्न थाना क्षेत्र से पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों का भी रिमांड हड़ताल के चलते प्रभावित हो गया है।
पूरे कार्य दिवस में पुलिस अभियुक्तों को लेकर कोर्ट के चक्कर लगाती रहे और अंत में उन्हें अपने साथ थाने ले गई। बताते चलें कि बिहार राज्य न्यायालय कर्मचारी संघ द्वारा सरकार से वेतन विसंगति को दूर करने, सभी संवर्ग कर्मचारीयों को शीघ्र प्रोन्नति देने साहित कई मांगों को लेकर न्यायालय कर्मी लंबे समय से बिहार सरकार को अवगत कराते रहे हैं इसके बाद भी बिहार सरकार द्वारा उनकी मांगों को निरस्त करने के बाद कर्मचारी संघ अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है।
मामले की जानकारी देते हुए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि यह अनिश्चितकालीन हड़ताल अपनी मांगों को पूरा करने तक जारी रहेगा। सरकार द्वारा दिए गए किसी आश्वासन को अब हम लोग नहीं मानेंगे। जब तक हमारे मांगों की पूर्ति यथाशीघ्र नहीं की जाती है तब तक यह हड़ताल निरंतर चलता रहेगा।






