6 जनवरी को मंइयां योजना कि राशि पहुंचेगी खाते में :- जेएमएम
सुप्रियो भट्टाचार्य का बीजेपी पर हमला, कहा एक माह में भी भाजपा पार्टी नेता प्रतिपक्ष का चुनाव नहीं कर सकी
Report : अमित कुमार (झारखंड प्रभारी)
ईटीवी हिंदुस्तान डेस्क
रांची:- झारखंड में लंबे इंतजार के बाद राज्य की आधी आबादी के लिए खुशखबरी है। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि नए साल में जन आकांक्षाओं के अनुरूप राज्य सरकार कार्य करने को कृतसंकल्पित है। आधी आबादी को संबोधित करते हुए पार्टी ने कहा कि इसके तहत आगामी 6 जनवरी को मुख्यमंत्री मंइया योजना के तहत महिलाओं के खाते में ढाई- ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए बताया कि जिन महिलाओं के खाते में दिसंबर महीने में सम्मान राशि नहीं आई है उन महिलाओं के खाते में जनवरी महीने में दोनों महीने की राशि एक साथ आएगी। बीजेपी पर हमला बोलते हुए सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि विधानसभा गठन के एक महीने गुजर जाने के बावजूद आज तक पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष का चुनाव नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में धान की खरीद मूल्य का मुद्दा उठाने वाली भाजपा के शासन काल में आज एमएसपी को लेकर देश में किसान लंबे समय से आंदोलनरत है और अपनी जान गवा चुके हैं। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव के पहले बीजेपी जिस गोगो दीदी योजना को झारखंड में लागू करने की बात कह रही थी उसे अब केंद्र सरकार को देशभर में लागू करें।






