सोनू कुमार सिंह जमुई:- जमुई जिला के झाझा, लक्ष्मीपुर और बांका प्रखंड के बेलहर सीमाक्षेत्र स्थित झोपादाह मंदिर स्थल पर मकर संक्रांति के दिन मंदिर से सटे कुंड के पवित्र पावन जल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ स्नान व पूजा को लेकर उमड़ पड़ी जो दोपहर तक स्नान का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान करने के बाद झोपरानी मंदिर में मां झोपा देवी की पूजा अर्चना पूरी श्रद्धा के साथ के करते हुए माता झोपा देवी से जीवन के सर्वकल्याण हेतु मन्नत मांगा।
मकर संक्रांति के दिन हजारों श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान किया। मंदिर में पूजा अर्चना करने वाले कई श्रद्धालुओं ने दही चूड़ा भी उसी स्थल पर ग्रहण किया। कुंड में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं ने बताया कि झोपादाह स्थल पर बने कुंड को पूर्वजों के द्वारा बताया गया कि पौराणिक कथाओं के अनुसार कुंड से होकर गुजरने वाली पावन जल को छोटी गंगा भी कहा जाता है।
जिसमे स्नान करने वाले लोगों को चर्म रोग से सम्बंधित कोई बीमारी नही होती है। इसके अलावे माता झोपरानी से जो भी मन्नत मांगी जाती है वह अवश्य पूरा हो जाती है। मकर संक्रांति के दिन तीनो प्रखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान कर पूजा अर्चना किया। बताते चले कि झोपादाह स्थल पर मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार को भव्य मेला कई वर्षों से आयोजित होते आ रहा है और इसबार भी भव्य मेला का आयोजन किया जाएगा।






