जिला स्तरीय कृषि मेले में 14 स्टॉल और 33 प्रदर्शनी ने किसानों को किया प्रेरित
Report: अमित कुमार (प्रभारी झारखंड)
कोडरमा:- मेले में किसानों के समृद्धि की झलक पाकर लोगों को आश्चर्य में डाल दिया। उत्कृष्ट हरी सब्जियों के सभी लगाए स्टॉल भरे रहे। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को कोडरमा प्रखंड मैदान में जिला स्तरीय कृषि मेला सह उद्यान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस मेले में कुल 14 स्टॉल और 33 प्रकार की प्रदर्शनी लगाई गईं। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक डॉ. नीरा यादव, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. विशाल नाथ, डीडीसी ऋतुराज, जिला क़ृषि पदाधिकारी रवि शंकर वर्णवाल, जिला पशुपालन पदाधिकारी राम सरिक प्रसाद, जिला गव्य पदाधिकारी अरविन्द कुमार सिन्हा, जिला मतस्य पदाधिकारी अजय कुमार, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मण यादव,प्रमुख सुषमा देवी, उप प्रमुख वासुदेव यादव, 20 सूत्रीय अध्यक्ष प्रभात राम सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधियो दीप प्रज्वलित कर किया।
कृषकों को सशक्त बनाने पर जोर
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा, देश की प्रगति का आधार किसान हैं। सरकार उन्हें सशक्त बनाने के लिए कई योजनाओं का संचालन कर रही है। किसान आधुनिक खेती और व्यावसायिक फसलों को अपनाकर न केवल अपनी आय बढ़ा सकते हैं बल्कि कोडरमा जिले को भी समृद्ध बना सकते हैं।
बहुफसली खेती से आय में बढ़ोतरी
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. विशाल नाथ ने किसानों को बहुफसली खेती, उन्नत बीज, और नई तकनीकों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने किसानों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रशिक्षण और सही दिशा-निर्देश से खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है।
सरकार की योजनाओं से समृद्ध हो रहे किसान
डीडीसी ऋतुराज ने जल संरक्षण, डोभा निर्माण, सूक्ष्म सिंचाई, और मनरेगा योजनाओं के जरिए किसानों की आय बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने बिरसा हरित ग्राम योजना और बागवानी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। जिला कृषि पदाधिकारी रविशंकर वर्णवाल ने संत कुमार मेहता और बसंत कुमार मेहता के आलू की ड्रिप सिंचाई तकनीक की सराहना की।
500 किसानों को प्रोत्साहन पुरस्कार, छाई मुस्कान
मेले में 72 किसानों को प्रथम, द्वितीय, और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। 500 किसानों को प्रोत्साहन स्वरूप दीवार घड़ी, दी गई जबकि प्रथम और द्वितीय मे कुदाल और स्प्रे मशीन दी गई। डोमचांच के अंजय सिंह को 6, चंदवारा के अजय साव को 2 और डोमचांच के अकर नसीम को 4 पुरस्कार मिले।
14 स्टॉल और 33 प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, लघु उद्योग विभाग, जेएसएलपीएस, मत्स्य विभाग, गव्य विभाग, पशुपालन, और सूक्ष्म सिंचाई सहित कुल 14 स्टॉल लगाए गए। सभी स्टॉल को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। मंच संचालन बीटीएम संतोष सिंह ने किया। कृषि मेले का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक और योजनाओं से जोड़कर उनकी आय और जीवन स्तर में सुधार लाना था।





